
सपाइयों का प्रदर्शन फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सोमवार से ही प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी और मंगलवार रात से पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी। हालात ऐसे रहे कि बुधवार सुबह तक पूरा सहजनवा पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।
सपाइयों में नाराजगी
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को रात से ही उनके आवासों पर नजरबंद कर दिया गया। इनमें पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत के साथ जिला महासचिव रामनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष गिरीश यादव तथा दुर्गेश मास्टर समेत कई नेता शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सपाइयों में नाराजगी भी देखने को मिली।
हालांकि पुलिस बंदिशों के बावजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता विधान सभा अध्यक्ष मनीष कमांडो और बृजेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में तहसील मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी एवं सीओ गीडा योगेन्द्र सिंह को छह सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
सपाइयों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को प्रशासन दबाने का प्रयास कर रहा है, जबकि जनता लंबे समय से इन मुद्दों के समाधान की मांग कर रही है। ज्ञापन में गीडा क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। साथ ही गैलेंट टीएमटी और जालान फैक्ट्री से निकलने वाली राख एवं प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग की गई।
मायावती ने नहीं खोला दरवाजा… कांग्रेस नेताओं को लौटना पड़ा बैरंग, यूपी की राजनीति में तेज हुई हलचल
इसके अलावा भूगर्भ जल के अत्यधिक दोहन पर नियंत्रण, गीडा क्षेत्र की फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, किसानों को वर्तमान बाजार मूल्य के अनुरूप उचित मुआवजा देने तथा कालेसर से जिगिना तक बंद पड़े डिवाइडर को दोबारा खोलने की मांग भी रखी गई। पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत ने अलग से तहसीलदार राकेश कन्नौजिया को ज्ञापन देकर इन मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा।
Location : Gorakhpur
Published : 20 May 2026, 7:02 PM IST
Topics : Gorakhpur News mla SP workers UP News