
महराजगंज में मनाया गया अखिलेश यादव का जन्मदिन
Maharajganj: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन फरेंदा में बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फरेंदा ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश सिंह के आवास परिसर में आयोजित इस आयोजन ने क्षेत्र में एक राजनीतिक रंगत घोल दी। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसे राम प्रकाश सिंह ने अपने हाथों से काटा और उपस्थित लोगों को खिलाया। इसके बाद बधाई संदेशों और शुभकामनाओं की बौछार हुई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूल मालाओं के साथ नेता जी का जन्मदिन मनाते हुए एकजुटता का परिचय दिया।
क्या बोले ब्लॉक प्रमुख?
वहीं ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश सिंह ने अखिलेश यादव के जन्मदिन के मौके पर कहा कि अखिलेश यादव न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के युवाओं की प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में किसानों, नौजवानों, महिलाओं और व्यापारियों के लिए जो योजनाएं लागू कीं, वे आज भी लोगों की जुबान पर हैं। उनके कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने आगे कहा कि 2027 में सपा सरकार बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को अभी से जुट जाना चाहिए।
कार्यक्रम में शामिल स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की राजनीतिक सूझबूझ और जनहित में किए गए कार्यों की सराहना की। युवा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अपने नेता के सिद्धांतों पर चलकर समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़
इस दौरान फरेंदा नगर और आसपास के गांवों से आए लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई बुजुर्गों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों को जलपान कराया गया और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में संकल्प लिया गया। इस भव्य आयोजन से यह स्पष्ट संदेश गया कि समाजवादी पार्टी की जड़ें अब भी जनमानस में गहरी हैं और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस दौरान विभूति पाण्डेय, वीरेंद्र पाण्डेय, प्रधान दिनेश चंद्रा, अंकित तिवारी और इम्तियाज समेत भारी भीड़ मौजूद रही।
Location : Maharajganj
Published : 1 July 2025, 12:59 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Birthday Wishes HBD Akhilesh Yadav Maharajganj News Samajwadi Party uttar pradesh