
ईरान में फंसे भारतीयों पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का केंद्र सरकार से तीखा सवाल
Chandauli: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान में फंसे भारतीयों को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद और प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ईरान में फंसे सैकड़ों भारतीय उनके संपर्क में हैं और सभी ने अपने परिजनों के माध्यम से चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के सदस्य ईरान में हैं, वे बेहद परेशान हैं और चाहते हैं कि किसी भी तरह उनके परिजन सुरक्षित भारत वापस लौट आएं।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इजराइल दौरे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस समय युद्ध की स्थिति बनी, उस समय प्रधानमंत्री इजराइल में थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब पीएम मोदी इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहु से गले मिल रहे होंगे, तब हमें विश्वास है कि नेतन्याहु ने कहा होगा कि अपने नागरिकों को भारत वापस बुला लीजिए, हम हमला करने वाले हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसा नहीं बताया गया तो फिर यह कैसी दोस्ती है? सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने समय रहते भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा और सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा।
अपने बयान में वीरेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि जब वाजपेई चीन दौरे पर गए थे और उसी दौरान चीन ने वियतनाम पर हमला कर दिया था, तब वाजपेई वार्ता बीच में छोड़कर भारत लौट आए थे। उन्होंने कहा था कि भारत शांति का वाहक है, युद्ध का नहीं, और ऐसी स्थिति में हम साथ खड़े नहीं हो सकते।
सांसद ने कहा कि आज की सरकार को भी उसी तरह का स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की विदेश नीति में पारदर्शिता की कमी है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ने अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद शुरू से ही कहते रहे कि उन्हें सत्य पर भरोसा है और उन्हें विश्वास था कि उनके ऊपर कोई आंच नहीं आएगी।
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सनातन के नाम पर सत्ता में आई है, लेकिन वही सनातन उसके पतन का कारण बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धार्मिक मुद्दों का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक मुद्दों- जैसे कानून व्यवस्था, विकास और बेरोजगारी- से ध्यान भटकाया जा रहा है।
खामेनेई की मौत का असर? लखनऊ समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट, गृह मंत्रालय ने कहा…
सपा सांसद ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और विकास के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। सांसद ने दोहराया कि मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है और इस मुद्दे पर सरकार को सदन में जवाब देना ही होगा।
Location : Chandauli
Published : 3 March 2026, 9:39 AM IST