
अखिलेश यादव
Ghazipur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गाजीपुर अब 29 अप्रैल को नहीं जाएंगे। मंगलवार को सपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कटरिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। वहीं 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक भी दिया। दरअसल, अखिलेश यादव ने पहले घोषणा की थी कि यदि उनके प्रतिनिधिमंडल को रोका गया, तो वह स्वयं गाजीपुर जाएंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल परिवार से मिला और 5 लाख रुपये की सहायता दी गई।
अखिलेश यादव ने कहा कि आर्थिक मदद देना एक जिम्मेदारी थी, लेकिन असली मुद्दा न्याय का है। उन्होंने कहा कि परिवार को अभी भी न्याय नहीं मिला है और इस मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। साथ ही उन्होंने यह भी मांग उठाई कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाए गए झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं।
इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर जाएगा। परिवार से मुलाकात करेगा और हर संभव मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि परिवार ने किसी बात पर शक जताया है तो उसकी जांच होनी चाहिए।
गाजीपुर मामले को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रतापगढ़ और फतेहपुर की घटनाओं का जिक्र किया और बोले दलित बेटियों के साथ हुए मामलों में कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Rajiv Gandhi: राजीव गांधी हत्याकांड के दोषी पेरारीवलन बने वकील, जानें जेल से कोर्ट तक का सफर
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं, लेकिन उन्हें बचाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि सत्ता का प्रभाव जांच और कार्रवाई पर दिखाई देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी सवाल उठाए और कहा कि कई मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। पार्टी का कहना है कि न्याय की मांग सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की आवाज है।
अखिलेश यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था और नियुक्तियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई अहम पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग और प्रशासनिक अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर भी टिप्पणी की।
आधार कार्ड में बड़ा बदलाव की तैयारी: अब कार्ड पर नहीं दिखेगा नाम-पता, जानें कैसे होगी पूरी पहचान
इसके अलावा उन्होंने धार्मिक मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा का सम्मान होना चाहिए और पूजनीय संतों के सम्मान से जुड़ी बातों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
गाजीपुर कांड के बाद प्रदेश की राजनीति और तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी लगातार इस मुद्दे को उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग अब राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बन चुकी है।
Location : Ghazipur
Published : 28 April 2026, 3:28 PM IST