सोनौली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बस ने साइकिल सवार को रौंदा, ग्रामीणों ने जाम लगाकर किया प्रदर्शन

सोनौली हाईवे पर नेपाल के लुंबिनी से आ रही टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-24 जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

Maharajganj: सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर कुन्सेरवां स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और फ्लाईओवर के पास सड़क संकरी होने के कारण हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर छपवा टोल प्लाजा के पास बस को पकड़ लिया।

Delhi Police की बड़ी कार्रवाई, 6 संदिग्ध आतंकियों को किया गया गिरफ्तार; क्या रची जा रही थी ये बड़ी साजिश?

आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा दिया जाए और बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।

मेडिटेशन से लेकर हाईटेक शौचालय तक…कैंची धाम में जल्द बदलने वाली कुछ तस्वीरें, जानिये क्या होने वाला है खास

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। बस में कुल 48 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन फ्लाईओवर और हाईवे पर यातायात व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए होते तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 22 February 2026, 12:46 PM IST

Advertisement
Advertisement