Sonbhadra: बाउली के किनारे खड़ा था मासूम, तभी आई वो ‘काली आंधी’… सोनभद्र में एक हंसते-खेलते बच्चे की कहानी का दर्दनाक अंत

सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। घर के पास खड़ी एक अनहोनी ने 12 वर्षीय बालक की जान ले ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानें क्या है पूरा मामला।

Updated : 3 May 2026, 5:27 AM IST

Sonbhadra: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में शनिवार शाम प्रकृति के प्रकोप ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। तेज आंधी के कारण मेढ़ पर खड़ा एक 12 वर्षीय बालक असंतुलित होकर गहरे पानी भरी बाउली में जा गिरा। पानी में डूबने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तेज आंधी के झोंके से बिगड़ा संतुलन और बाउली में समा गया मासूम

जानकारी के अनुसार, चक चपकी गांव निवासी संतोष कुमार (12 वर्ष) पुत्र राम सुंदर शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे अपने घर के पास स्थित बाउली के मेढ़ पर खड़ा था। उसी समय अचानक मौसम बदला और तेज आंधी चलने लगी। आंधी का झोंका इतना जोरदार था कि संतोष अपना संतुलन बरकरार नहीं रख सका और सीधे बाउली के गहरे पानी में जा गिरा। शोर सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुँचे और उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

Muzaffarnagar Encounter: आधी रात को एनएच-58 पर मुठभेड़, नशे के 5 बड़े सौदागर गिरफ्तार, दो को लगी गोली

माता-पिता का इकलौता चिराग बुझा, सदमे में बड़ी बहन

मृतक संतोष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते भाई को खोने के बाद बड़ी बहन और माता-पिता गहरे सदमे में हैं। गांव वालों ने बताया कि संतोष मिलनसार बालक था और इस आकस्मिक दुर्घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घर के आंगन में पसरा सन्नाटा इस दुःखद घड़ी की गवाही दे रहा है।

बदायूं में बवाल: नशे में कार… नाले में गिरी जिंदगी और भीड़ का बेकाबू इंसाफ; जानें भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई का सच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलने पर बभनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। सब इंस्पेक्टर शिवमूरत यादव ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि घटना बेहद दुःखद है और पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।

Location :  Sonbhadra

Published :  3 May 2026, 5:27 AM IST