अनपरा में मौत बनकर दौड़ा हाइवा! एसटीसी प्राइवेट लिमिटेड के कैशियर आनंद यादव की दर्दनाक मौत से इलाके में भारी आक्रोश। भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर आखिर कब लगेगा लगाम? जानें पुलिस की अब तक की कार्रवाई।

सोनभद्र:दर्दनाक सड़क हादसा (गूगल सोर्स)
Sonbhadra: सोनभद्र जिले के अनपरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय आनंद यादव के रूप में हुई है, जो गरबन्धा मिट्ठू गेट क्षेत्र का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह एसटीसी प्राइवेट लिमिटेड में कैशियर के पद पर कार्यरत था। रोज की तरह वह अपने काम से जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा वाहन बिछड़ी ऐश बांध से राख लेकर कंझरिया रेलवे स्टेशन, अनपरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कौवानाला स्थित श्री साईं आईटीआई कॉलेज के पास उसने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
UP Crime: महराजगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, इलाके में हड़कंप
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पहले भी कई हादसों का कारण बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए और सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।