
युवक पर थार चढ़ाकर हत्या का प्रयास
नोएडा: इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ मामूली विवाद सोमवार को खौफनाक घटना में तब्दील हो गया। जब सेक्टर-53 में एक थार सवार ने युवक को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी। तेज रफ्तार में आई थार ने युवक को इतनी जोर से टक्कर मारी कि वह करीब 3 फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। जिसने उसे नाले से निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की है। लेकिन इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक खून से लथपथ हालत में हाथ में ईंट लिए सड़क पर चल रहा है। उसके माथे से खून बह रहा है। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। युवक उछलकर नाले में गिरता है और आसपास लोग दौड़ पड़ते हैं।
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वाहन के नंबर के आधार पर थार सवार की तलाश शुरू कर दी है। घटना में घायल युवक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो सेक्टर-49 का निवासी है और अपने भाई सुमित के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है।
इंस्टाग्राम पर कमेंट बना झगड़े की वजह
पुलिस को दिए बयान में सौरभ ने बताया कि वह अपने भाई सुमित के साथ लॉजिक्स मॉल की ओर जा रहा था। जब वे कंचनजंगा बाजार के पास पहुंचे। तभी आकाश अवाना, अमन अवाना, गौरव चौहान और कुनाल चौहान ने उन्हें बिजलीघर के पास रोक लिया। चारों ने पहले सौरभ के साथ जमकर मारपीट की और जब वह खून से लथपथ हालत में वहां से जाने लगा। तभी थार से उसे टक्कर मार दी गई। सौरभ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों के अनुसार वह अब खतरे से बाहर है, लेकिन शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर आए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि उसे कुछ दिन अस्पताल में ही रहना होगा।
आरोपी फरार, पुलिस ने गठित की टीम
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर किसी पोस्ट को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी, जो धीरे-धीरे रंजिश में बदल गई। आरोपियों ने पीड़ित को सबक सिखाने की नीयत से पहले मारपीट की और फिर जानलेवा हमला किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी युवक अपने घर से फरार हैं। उनकी तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वीडियो साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Noida
Published : 3 June 2025, 4:49 PM IST