Sitapur: दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था पिंटू

सीतापुर में दो दिन से लापता 20 वर्षीय युवक का शव गांव के पास तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। पिंटू घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 November 2026, 12:18 PM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित तालाब में एक युवक का शव उतराता मिला। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। शव की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

30 अक्टूबर को घर से निकला था युवक

मामला सदरपुर थाना क्षेत्र के कंजाखेड़ा गांव का है। यहां रहने वाला पिंटू (20) पुत्र इंदल 30 अक्टूबर की शाम खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को पहले लगा कि वह किसी काम से बाहर होगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब पिंटू घर नहीं पहुंचा तो परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चला।

घटना की जांच को लेकर पुलिस से बातचीत करते ग्रामीण (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़ें- मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी के दाेनों पैरों में मारी गोली

तालाब में शव मिलने से गांव में मची हलचल

युवक के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित तालाब में ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराता देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना पर सदरपुर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।

शव की पहचान कंजाखेड़ा निवासी पिंटू के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ये भी पढ़ें- लिफ्ट के बहाने बनाते थे शिकार, तीन के खिलाफ 50 मुकदमे; पुलिस मुठभेड़ में खुला गिरोह का राज

मौत की वजह अभी साफ नहीं

पिंटू की मौत को लेकर परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई है और मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Sitapur

Published :  2 November 2026, 12:17 PM IST