हिंदी
सीतापुर में खौफनाक वारदात (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Sitapur: मछरेहटा थाना क्षेत्र के सुमवापुर गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। फोन पर किसी से बातचीत करने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर पत्नी पर कुल्हाड़ी और ईंट से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सुमवापुर गांव निवासी राजेश कुमार का अपनी पत्नी किरन देवी (36) से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब आठ बजे किरन देवी मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजेश कुमार ने अपना आपा खो दिया और पत्नी पर कुल्हाड़ी व ईंट से हमला कर दिया।
मृतका का फाइल फोटो
अचानक हुए हमले से किरन देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मछरेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई कथित कुल्हाड़ी और ईंट को कब्जे में ले लिया है। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी पति राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Location : Sitapur
Published : 7 September 2026, 6:39 AM IST
Topics : domestic dispute case husband wife dispute machhrehta police station area Sitapur Wife Murder