
इंजेक्शन से मौत के बाद मेडिकल स्टोर के बाहर हंगामा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कस्बा कुतुबनगर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां बुधवार की देर रात एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगवाने के तुरंत बाद करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर भूड़ा गांव के रहने वाले रामचंद्र (50 वर्ष) पुत्र बाबूराम पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उन्हें तेज बुखार था। इसी बीमारी का इलाज कराने के लिए वह बुधवार की रात कुतुबनगर बाजार स्थित दीपेश मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर के संचालक ने रामचंद्र को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही पलों के भीतर उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत इतनी गंभीर हो गई कि इलाज मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
अधेड़ की अचानक हुई मौत से गुस्साए परिजनों ने मेडिकल स्टोर के बाहर ही शव को रखकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का सीधा आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक की घोर लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने के कारण ही रामचंद्र की जान गई है। हंगामे की सूचना मिलते ही पिसावां थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कानपुर में हुक्का बारों पर पुलिस का शिकंजा! रेड पड़ते ही मचा हड़कंप, 12 लोग मिले हुक्का पीते
घटना के संबंध में पिसावां थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक रामचंद्र के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि रामचंद्र की मौत का वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आ सका है। मौत की असली वजह का खुलासा केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 1 October 2026, 11:06 AM IST
Topics : Injection Death Kutubnagar Medical Store Medical Negligence Sitapur News Uttar Pradesh Crime