
नेहा अवस्थी के देसी अंदाज पर फिदा हुए लोग (IMG: Dynamite News)
Sitapur: आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के निरीक्षण के दौरान अफसरों और कर्मचारियों की मौजूदगी में औपचारिक बातचीत होती है, लेकिन सीतापुर में नगर पालिका परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष नेहा अवस्थी का अंदाज कुछ अलग नजर आया। श्यामनाथ मंदिर के पास धोबियाना की ओर जाने वाले रास्ते पर बन रही सीसी रोड का निरीक्षण करने पहुंचीं नेहा अवस्थी स्थानीय लोगों और दुकानदारों के बीच ऐसे घुलीं-मिलीं कि बातचीत बिल्कुल घर-गांव के माहौल जैसी नजर आई।
निरीक्षण के दौरान नालियों में कूड़ा डाले जाने की शिकायत और समस्या पर अध्यक्ष ने लोगों को अपने ही देसी अंदाज में समझाया। उन्होंने कहा, “हम सड़क बनवा देबा, नाला बनवा देबा, नाला ढक्कन लगवा देबा, लेकिन सुधरे के जिम्मेदारी हमका-सबका पड़ी।” अध्यक्ष की इस बात में एक तरफ लोगों के लिए सीधा संदेश था तो दूसरी तरफ यह भी साफ दिखा कि वह सड़क और नाली निर्माण के साथ सफाई व्यवस्था में स्थानीय लोगों की भागीदारी भी चाहती हैं।
निरीक्षण के दौरान नेहा अवस्थी सिर्फ सड़क की स्थिति देखने तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों से सड़क की स्थिति, नाली की समस्या और सफाई व्यवस्था को लेकर जानकारी ली गई। स्थानीय लोगों ने भी अपनी छोटी-बड़ी समस्याएं अध्यक्ष के सामने रखीं।
इस पूरे निरीक्षण के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर भी देखने को मिली। जब अध्यक्ष स्थानीय लोगों से बातचीत कर रही थीं, उसी दौरान पीछे खड़े कुछ लोग आपस में उनके कामकाज और व्यवहार को लेकर चर्चा करते नजर आए। लोगों की बातचीत में अध्यक्ष के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया सुनने को मिली। कुछ स्थानीय लोग कहते सुने गए कि “नेहा अवस्थी अब लोगों से घुल-मिल गई हैं, काम भी करवा रही हैं... अध्यक्ष अच्छी हैं।”
स्थानीय राजनीति में जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद काफी मायने रखता है। खासतौर पर नगर पालिका जैसे स्थानीय निकाय में सड़क, नाली, सफाई, जलभराव और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी होती हैं। ऐसे में जब कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के साथ स्थानीय लोगों से भी उनकी भाषा में बातचीत करता है तो लोगों को अपनी बात सीधे रखने का मौका मिलता है।
श्यामनाथ मंदिर के पास से धोबियाना की ओर जाने वाले रास्ते पर बन रही सीसी रोड को लेकर निरीक्षण के दौरान सड़क के साथ नाली और सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि सड़क बनने के बाद आसपास की नालियां भी व्यवस्थित रहनी चाहिए। नालियों में कूड़ा जमा होने से जलनिकासी प्रभावित होती है और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।
Location : Sitapur
Published : 11 August 2026, 5:19 PM IST