
Symbolic Photo (IMG: ai generated)
Noida Desk: नोएडा के सेक्टर-82 की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला की शिकायत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला ने अपने पति पर धोखे से शादी करने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने के साथ-साथ जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि शादी के करीब एक साल बाद उसे पति की यौन रुचि को लेकर ऐसी जानकारी मिली, जिसके बाद रिश्ते में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामले में पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि शादी के करीब एक साल बाद उसे पता चला कि उसका पति समलैंगिक है। उसने पति को डॉक्टर को दिखाया तो जांच के दौरान यह बात सामने आई।
शादी के बाद पति बनाने लगा दूरी
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज में हुई थी। शादी में उसके परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार सामान और अन्य खर्च किए थे। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति उससे दूरी बनाने लगा और कई बहाने बनाकर वैवाहिक संबंधों से बचता रहा। महिला के मुताबिक, इसी दौरान ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई। आरोप है कि उससे कार और फ्लैट की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा।
थाईलैंड हनीमून में मारपीट का आरोप
महिला ने बताया कि रिश्ते को बचाने के लिए वह पति के साथ हनीमून पर थाईलैंड भी गई थी। लेकिन वहां भी स्थिति ठीक नहीं रही। महिला का आरोप है कि यात्रा के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उसे बीच सफर से ही भारत लौटना पड़ा।
डॉक्टर के पास ले जाने पर हुआ विवाद
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब एक साल बाद उसने पति को डॉक्टर को दिखाने की कोशिश की। जांच के दौरान उसे पति की यौन रुचि को लेकर जानकारी मिली। महिला ने आरोप लगाया कि पति समलैंगिक है और यह बात सामने आने के बाद वह डॉक्टर से विवाद करने लगा और वहां से चला गया। महिला का कहना है कि उसने इस मामले की जानकारी ननद और ननदोई को भी दी, लेकिन उनकी तरफ से कोई मदद नहीं मिली।
गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उसने पति के व्यवहार का विरोध किया तो उसके साथ हिंसा की गई। शिकायत में उसने दावा किया कि पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इसके अलावा सास, ससुर, ननद और ननदोई पर भी उत्पीड़न में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
दिसंबर 2025 से मायके में रह रही महिला
महिला के अनुसार, वह दिसंबर 2025 से अपने मायके में रह रही है। अब उसने नोएडा के फेज-2 थाने में पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Noida
Published : 11 August 2026, 1:49 PM IST
Topics : crime news noida news Noida police up crime UP News