
शामली में मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत (Image Source: X)
Shamli: शामली जिले के बाबरी क्षेत्र के कैड़ी गांव स्थित ईदगाह मोहल्ले में बुधवार देर रात एक मकान में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से शाहिदा (36) और उनकी दो बेटियों अदन (13) व माहिरा (11) की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के दौरान मकान के एक दूसरे कमरे में सो रहे शाहिदा के पति साजिद और उनके दो बेटे बाल-बाल बच गए। आग के दौरान कमरे में रखे दो गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाकों से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और मकान की छत भी गिर गई।
जानकारी के अनुसार, कैड़ी गांव निवासी साजिद और उनकी पत्नी शाहिदा मोतियों की मालाएं बनाने का काम करते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे साजिद अपने दोनों बेटों के साथ 120 गज के मकान के पीछे वाले कमरे में सो रहे थे। वहीं, शाहिदा अपनी दोनों बेटियों के साथ आगे वाले कमरे में थीं। रात करीब 12 बजे अचानक आगे वाले कमरे में आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग के बीच मकान में रखे दो गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आईं शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। तीनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। दूसरी ओर, पीछे वाले कमरे में सो रहे साजिद और उनके नौ वर्षीय बेटे रेहान तथा चार वर्षीय बेटे अशरफ को ग्रामीणों ने जगाया और किसी तरह मकान से बाहर निकाला।
मैनपुरी में रामगोपाल यादव का BJP पर हमला, बोले- पंचायत चुनाव कराने से डर रही योगी सरकार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद मकान के मलबे से शवों को बाहर निकाला गया। सबसे पहले माहिरा, फिर अदन और अंत में शाहिदा का शव निकाला गया। आग में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
सिलिंडर धमाके के बाद अफरातफरी (Image Source: X)
हादसे का खौफनाक दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। 17 सेकेंड की फुटेज में पहले मकान के कमरे से आग की लपटें उठती दिखाई देती हैं और कुछ ही देर बाद सिलिंडर में जोरदार विस्फोट होता है। ग्रामीणों के मुताबिक, धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए मकान से दूरी बना ली।
बलिया में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर प्रभारी मंत्री सख्त, अधिकारियों को दी चेतावनी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के बाद सिलिंडर के रेगुलेटर में गैस लीकेज से आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कराई जा रही है। वहीं, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव गांव पहुंचे। इसके बाद गमगीन माहौल में शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
Location : Shamli
Published : 20 November 2026, 1:45 AM IST