17 सितंबर से गोरखपुर में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव से बूथ तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं; क्या है पूरा प्लान?

गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत गांव, ब्लॉक, तहसील, नगर निकाय और बूथ स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण और आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर रहेगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 1:50 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अभियान को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि अभियान सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

गांव से बूथ स्तर तक चलेगा अभियान

बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले में चल रही तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने बताया कि अभियान को गांव, ब्लॉक, तहसील, नगरीय निकाय और बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में चौपाल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सेवा, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर रहेगा जोर

प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक में कहा कि अभियान की गतिविधियों का आधार सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनकल्याण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिनमें आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी हो। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधरोपण, श्रमदान और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा लोगों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करने के लिए जागरूकता यात्राएं भी निकाली जाएंगी।

नाबालिग से गंदी हरकत और फिर सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल, गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

17 सितंबर को होंगे विशेष कार्यक्रम

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों के साथ होगी। इस दिन रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान समेत कई अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। शाम के समय बूथों और प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। वहीं, स्कूल और कॉलेजों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

एक सप्ताह में आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को एक अहम सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए, जिनके अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं। उन्होंने पात्र लोगों को एक सप्ताह के भीतर आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को अभियान के दौरान पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने की दिशा में काम करने को कहा गया।

जिस स्कूल बस का इंतजार कर रहा था मासूम, वही बन गई मौत की वजह; गोरखपुर में 5 साल के बच्चे की मौत

अधिकारियों को सौंपी गई विभागवार जिम्मेदारी

अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा को जिला स्तर पर अभियान के समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी डॉ. कोस्तुभ पुलिस, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं मुख्य विकास अधिकारी स्तर से ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों का समन्वय किया जाएगा। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह को पंचायत स्तर पर स्वच्छता, पौधरोपण और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है।

नगर निगम से लेकर स्कूलों तक होगी गतिविधियां

नगर आयुक्त अजय जैन नगर निगम क्षेत्र में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। शिक्षा विभाग को स्कूल-कॉलेजों में होने वाली प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित करेगा, जबकि संस्कृति विभाग नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जागरूक करेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 September 2026, 1:50 PM IST