Lucknow News: घर का नौकर बना गद्दार, करोड़ों की चोरी कर पत्नी संग फरार

निशातगंज में कारोबारी के घर से नौकर ने 1.5 करोड़ की चोरी कर निवेश कर दिया। पत्नी संग फरार हुआ। बैंक कर्मी की मिलीभगत की आशंका। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 August 2025, 9:13 AM IST

Lucknow: यूपी की राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जहां मेट्रो सिटी में रहने वाले एक कारोबारी प्रवीण कुमार मिश्रा के घर में चोरी की घटना घटी है। बता दें कि नौकर जितेंद्र ने पत्नी के साथ मिलकर 50 लाख रुपये नकद और एक करोड़ रुपये के जेवरात चुरा लिए। आरोपी जितेंद्र और उसकी पत्नी विभा कई वर्षों से मिश्रा परिवार के यहां काम कर रहे थे और उन्हें घर के हर हिस्से में आने-जाने की पूरी छूट थी।

अलमारी खुली तो उड़ गए होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब कारोबारी की पत्नी शालिनी ने अलमारी खोली और उसमें रखे नकद और गहने गायब मिले। पति के लौटने पर दोनों ने नौकर से पूछताछ की। दबाव में आकर जितेंद्र ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

निवेश की साजिश: जमीन से बीमा तक
पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि चोरी के पैसों से उसने करीब 10 लाख रुपये की जमीन खरीदी। इसके अलावा उसने लाखों रुपये की एफडी, एसआईपी (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) और बीमा पॉलिसी भी खरीदी। इतना ही नहीं, उसने बड़ी रकम अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर दी।

बरामदगी का झांसा देकर हुआ फरार
नौकर ने कारोबारी को भरोसा दिलाया कि वह रुपये और जेवर वापस कर देगा, लेकिन मौका मिलते ही पत्नी के साथ फरार हो गया। बताते चलें कि इसके बाद पीड़िता शालिनी ने महानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में बैंककर्मी की भूमिका संदिग्ध
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस पूरे मामले में एक बैंककर्मी शंभू की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। आरोपी ने बताया कि शंभू की मदद से ही उसने यह सारे निवेश किए। पुलिस अब शंभू के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जितेंद्र और उसकी पत्नी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

विश्वासघात की बड़ी वारदात
यह वारदात एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि घरेलू स्टाफ के चयन और उन पर नजर रखने में लापरवाही भारी पड़ सकती है। पुलिस उम्मीद जता रही है कि जल्द ही दोनों आरोपी पकड़ लिए जाएंगे और लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  18 August 2025, 9:13 AM IST