हिंदी
जिलाधिकारी बीएन सिंह
Sonbhadra : तेज धूप, तपती हवाएं और आसमान से बरसती आग… मौसम ने ऐसा रुख दिखाया है कि बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। गर्मी का प्रकोप अब सिर्फ असहज नहीं, बल्कि खतरनाक होता जा रहा है। ऐसे हालात में सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। जिसे देखते हुए सोनभद्र प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
सोनभद्र जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव करने का आदेश जारी कर दिया है।
नए आदेश के मुताबिक अब जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से जुड़े हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे।
दरअसल, इन दिनों सोनभद्र सहित पूरे प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर है। दोपहर के समय तापमान काफी ज्यादा बढ़ जा रहा है और लू चलने की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना और लंबे समय तक धूप में रहना उनकी सेहत के लिए खतरा बन सकता है। सुबह के समय मौसम थोड़ा ठंडा रहता है। जिससे बच्चों को राहत मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल टाइमिंग को कम और सुबह के समय शिफ्ट किया गया है। जिससे बच्चे सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें।
Sonbhadra Crime: मौत की साजिश का सोनभद्र पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, एक को दबोचा
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल इस आदेश का सख्ती से पालन करें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों और अभिभावकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बच्चों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का खास ध्यान रखें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन का यह कदम बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। यह फैसला साफ दिखाता है कि बच्चों की सेहत को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
Location : Sonbhadra
Published : 20 April 2026, 1:19 PM IST