
कलेक्ट्रेट की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: जिले के सबसे अहम प्रशासनिक परिसर कलेक्ट्रेट में ही स्वच्छता व्यवस्था दम तोड़ती नजर आ रही है। सदर एसडीएम कार्यालय के ठीक बगल स्थित सार्वजनिक शौचालय की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वहां कुछ मिनट रुकना भी मुश्किल हो जाता है। लगातार फैल रही दुर्गंध अब एसडीएम न्यायालय तक पहुंचने लगी है। रोजाना अपनी फरियाद लेकर आने वाले लोगों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को बदबू के बीच काम करने को मजबूर होना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जहां से पूरे जिले की व्यवस्था संचालित होती है, वहीं सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से गंदगी और अव्यवस्था का शिकार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नियमित सफाई नहीं होने से पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैली रहती है। आरोप है कि शौचालय की साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे वहां आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा दिक्कत सदर एसडीएम न्यायालय में आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को हो रही है। लोगों का कहना है कि शौचालय से उठने वाली बदबू न्यायालय परिसर तक पहुंचती है, जिससे घंटों तक वहां बैठकर काम करना मुश्किल हो जाता है। अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रशासनिक मुख्यालय में ऐसी स्थिति होना बेहद चिंताजनक है और इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाता है।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं। विभिन्न विभागों में काम कराने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सैकड़ों लोग यहां पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर के इस हिस्से की बदहाल स्थिति पर अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि प्रशासनिक मुख्यालय का यह हाल है तो जिले के अन्य सार्वजनिक स्थानों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
सुल्तानपुर महिला अस्पताल में पास व्यवस्था पर विवाद, गार्ड और तीमारदारों की कहासुनी का वीडियो वायरल
हाल ही में जिले में नए जिलाधिकारी और सदर उप जिलाधिकारी ने कार्यभार संभाला है। ऐसे में स्थानीय लोगों, अधिवक्ताओं और फरियादियों को उम्मीद है कि वे इस समस्या का संज्ञान लेकर कलेक्ट्रेट परिसर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराएंगे। लोगों की मांग है कि सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
Location : Sultanpur
Published : 6 August 2026, 7:00 PM IST