शादी के जोड़े में बैठी थी दुल्हन और हाथों में थी मेहंदी, 3 लाख देने के बाद भी अचानक क्यों मुकर गया दूल्हा?

संभल के मोहम्मदपुर टांडा गांव में शादी के दिन दूल्हे ने बरात लाने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि पांच लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें तीन लाख रुपये दिए जा चुके थे। बाकी रकम नहीं मिलने पर बरात नहीं आई। मेहंदी लगाए बैठी दुल्हन रोती रही और परिवार की तैयारियां बेकार हो गईं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 12 November 2026, 5:09 PM IST
google-preferred

Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल के कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा में शादी के दिन उस समय खुशियां मायूसी में बदल गई, जब दूल्हे ने बरात लेकर आने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हा और उसके परिजन शादी से पहले पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। परिवार तीन लाख रुपये दे चुका था, लेकिन बाकी दो लाख रुपये नहीं दे पाने के कारण दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन की मां ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है।

पांच लाख रुपये की मांग का आरोप

मामला संभल के कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा का है। दुल्हन की मां के मुताबिक, उनके पति का निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। काफी समय पहले मेरठ के गांव फिटकरी से उनकी बेटी का रिश्ता तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां चल रही थीं। बुधवार शाम सात बजे बरात आने का कार्यक्रम तय था। दुल्हन पक्ष ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।

दुल्हन की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दूल्हा और उसके परिजनों ने शादी के लिए पांच लाख रुपये देने की मांग की थी। उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के बावजूद उन्होंने और रिश्तेदारों ने मिलकर तीन लाख रुपये का इंतजाम किया और दूल्हा पक्ष को दे दिए। हालांकि, आरोप है कि तीन लाख रुपये मिलने के बाद भी दूल्हा और उसके परिजन संतुष्ट नहीं हुए। बाकी रकम को लेकर विवाद बना रहा।

ये भी पढ़े: भाजपा के ढिल्लों या सपा के दानिश? बरेली-मुरादाबाद शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना जारी

बरात लाने से कर दिया इनकार

दुल्हन की मां के अनुसार, बुधवार शाम सात बजे बरात पहुंचनी थी। घर में मेहमानों के स्वागत की तैयारियां पूरी थीं। बरात के लिए खाना और नाश्ता तैयार कराया गया था। परिवार के लोग दूल्हे और बरात के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच करीब सात बजे दूल्हे ने फोन कर सूचना दी कि वह बरात लेकर नहीं आ रहा है।

जब दूल्हे से बरात नहीं लाने की वजह पूछी गई तो उसने पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने की बात कही। बताया कि पांच लाख रुपये दिए जाने थे, जबकि उसे तीन लाख रुपये ही मिले हैं। इसके बाद दुल्हन की मां और उनके रिश्तेदारों ने दूल्हे तथा उसके परिवार को मनाने की कोशिश की। उन्होंने बरात लेकर आने का आग्रह किया, लेकिन दूल्हा पक्ष तैयार नहीं हुआ। काफी प्रयासों के बावजूद बरात नहीं पहुंची और शादी का कार्यक्रम रुक गया।

मेहंदी लगाए बैठी रही दुल्हन

घर में शादी की तैयारियां पहले से चल रही थीं। दुल्हन को सजाने का काम हो रहा था और उसके हाथों में दिन में ही मेहंदी लगा दी गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि शाम को बरात आएगी और शादी की रस्में पूरी होंगी। लेकिन बरात नहीं आने की खबर मिलते ही घर में खुशियों का माहौल मातम जैसी मायूसी में बदल गया। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ये भी पढ़े: मुरादाबाद में शादी के बीच हंगामा, नशे में पहुंचे दूल्हे को देख दुल्हन ने ठुकराई शादी

खाना और नाश्ता भी रह गया तैयार

ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उसने किसी तरह शादी की तैयारियां पूरी की थीं। बरात के स्वागत के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया गया था, लेकिन दूल्हे के नहीं आने से सारी तैयारियां धरी रह गईं। इससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। शादी के कार्यक्रम में पहुंचे बराती भी इस घटनाक्रम से मायूस हो गए। देर रात तक मामले को सुलझाने के लिए पंचायत का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। वहीं, दुल्हन की मां ने पुलिस को तहरीर देकर दूल्हा और उसके परिजनों पर आरोप लगाए हैं।

Location :  Sambhal

Published :  12 November 2026, 5:09 PM IST

Advertisement