
जेल से बाहर आते ही समर्थकों का स्वागत
Saharanpur : सांसद इकरा हसन से जुड़े प्रकरण ने पूरी तरह राजनीतिक मोड़ ले लिया है। बुधवार को जिला कारागार से रिहा हुए समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और कश्यप समाज के लोगों का जेल के बाहर जोरदार स्वागत किया गया। फूल-मालाओं और नारों के बीच समर्थकों ने इसे सत्य की जीत बताया, जबकि दूसरी तरफ सपा नेताओं ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
गौरतलब है कि डीआईजी अभिषेक सिंह और सांसद इकरा हसन से जुड़े विवाद के बाद पूर्व राज्यमंत्री मंगेराम कश्यप समेत कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तारी के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांसद इकरा हसन के नेतृत्व में थाना सदर बाजार पर धरना-प्रदर्शन किया था। देर रात नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह के साथ हुई वार्ता के बाद प्रशासन ने सभी गिरफ्तार लोगों को बुधवार सुबह रिहा करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद धरना समाप्त हुआ था।
रिहाई के बाद जेल के बाहर माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और कश्यप समाज के लोगों ने सभी रिहा हुए नेताओं और समर्थकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप ने प्रशासन और सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि वह लोग सांसद इकरा हसन के साथ एक पीड़ित बुजुर्ग मां को लेकर डीआईजी कार्यालय पहुंचे थे। जिनके बेटे की हत्या हुई थी। उनका आरोप था कि मामले में कुछ आरोपियों को जेल भेज दिया गया, लेकिन बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा।
मांगेराम कश्यप ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले को रेलवे ट्रैक हादसा बताने की कोशिश कर रहा है, जबकि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। उन्होंने कहा कि पीड़ित मां इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही है लेकिन उसे सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं।
उन्होंने यह आरोप लगाया कि डीआईजी ने सांसद और पीड़ित परिवार की बात गंभीरता से नहीं सुनी और उन्हें कार्यालय से बाहर निकलने तक के लिए कह दिया गया। कश्यप ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर प्रशासन किस दबाव में कार्रवाई नहीं कर रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कश्यप समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है और समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले चुनाव में कश्यप समाज एकजुट होकर सरकार को मुंहतोड़ जवाब देगा।
Location : Saharanpur
Published : 20 May 2026, 5:37 PM IST