हिंदी
मृतक युवक (फाइल फोटो)
New Delhi: लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे के रहने वाले 24 वर्षीय युवक की दिल्ली में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मजदूरों के बीच हुए विवाद के बाद युवक पर लोहे की रॉड और सरियों से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के चार दिन बाद मंगलवार रात जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक की पहचान विशाल (24) के रूप में हुई है, जो लखीमपुर के सिंगाही कस्बे के बाढियन टोला मोहल्ले का रहने वाला था। वह अपने भाई शैलेंद्र के साथ दिल्ली के बिजवासन इलाके में स्थित एलएनटी कंपनी में मजदूरी करता था।
बताया गया कि रविवार को कंपनी में काम करने वाले कुछ मजदूरों का ठेकेदार वीरेंद्र के भाई देवेंद्र से विवाद हो गया था। दिन में मामला शांत करा दिया गया, लेकिन दूसरे पक्ष ने रंजिश पाल ली।
रविवार रात करीब आठ बजे अनिल नाम के मजदूर ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर विशाल और उसके साथियों पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने लोहे की रॉड और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के समय विशाल का भाई शैलेंद्र कमरे पर था। शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा तो विशाल खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस के कापसहेड़ा थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंगलवार देर रात विशाल का शव सिंगाही पहुंचा तो परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बुधवार सुबह नम आंखों से युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।
Location : Lakhim kheri
Published : 20 May 2026, 6:12 PM IST
Topics : crime news Delhi Murder Lakhim Kheri UP News