
समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन
Greater Noida : रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण नोटिस दिए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस फैसले से हजारों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ेगा।
ग्रेटर नोएडा में सोमवार को समाजवादी अल्पसंख्यक सभा गौतमबुद्धनगर के बैनर तले मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष अकबर खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासन की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के एक बड़े संस्थान के खिलाफ पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कर रही है। उनका आरोप था कि सरकार गरीब और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को शिक्षा से वंचित करने की मंशा से यह कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण जरूरत है और ऐसे में किसी शिक्षण संस्थान को ध्वस्त करने की कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
सुधीर भाटी ने कहा कि समाजवादी पार्टी मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए बड़ा आंदोलन करेगी और शिक्षा के इस संस्थान को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह मामला केवल एक यूनिवर्सिटी का नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था का भी सवाल है।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष अकबर खान ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं और अपने भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। उनका कहना था कि ध्वस्तीकरण का नोटिस देकर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को अनिश्चितता में डाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की गई है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
Location : Noida
Published : 27 July 2026, 8:01 PM IST