
आलोक सक्सेना को किया सम्मानित
Kushinagar: कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सैनिक बन्धु की बैठक जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर आलोक सक्सेना (अवकाश प्राप्त) सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि विंग कमांडर आलोक सक्सेना का कार्यकाल आगामी 12 जून 2026 को पूर्ण हो रहा है और यह उनकी अंतिम सैनिक बन्धु बैठक है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उनके सफल एवं सराहनीय कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विंग कमांडर आलोक सक्सेना ने अपने कार्यकाल में सर्वाधिक सैनिक बन्धु बैठकों का आयोजन किया और पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण कराया। उन्होंने कहा कि सैनिक परिवारों के हित में उनका योगदान बेहद प्रेरणादायी और सराहनीय रहा है।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का स्वागत किया। इसके बाद पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में कुल 28 पूर्व सैनिक और विधवाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान कुल चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जो भूमि पैमाइश, भूमि आवंटन और न्यायालय में लंबित विवादों से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुशीनगर में ग्रामीणों का हंगामा! हाई वोल्टेज तार की चपेट में आए मजदूर, एक की मौत
सैनिक बन्धु बैठक के बाद जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग से संबंधित विभिन्न समितियों की संयुक्त समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति, रोगी कल्याण समिति, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग नियंत्रण समिति, जिला एड्स समन्वय समिति और फाइलेरिया उन्मूलन समिति समेत कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त
बैठक के दौरान आशा कार्यकर्त्रियों और अन्य लंबित भुगतानों की समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि हाल ही में बजट प्राप्त हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित भुगतान तत्काल पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। डीएम ने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मरीजों के उपचार और पोषण सहायता की स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि टीबी मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि जनपद को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य समय से पूरा हो सके।
आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित सर्वे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान प्रस्तुत किए गए संदिग्ध आंकड़ों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने संबंधित बाबू और कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी करने के साथ डिप्टी सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
Location : Kushinagar
Published : 25 May 2026, 8:08 PM IST