हिंदी
सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों
Gorakhpur: जिले के नगर पंचायत सहजनवा के वार्ड संख्या-2 बोकटा में विकास कार्यों की हकीकत बरसात के साथ ही सामने आ गई है। यहां सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने लबालब भरे पानी के बीच खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस मार्ग की मरम्मत नहीं होने के कारण बरसात में सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है।
बताया जाता है कि नगर पंचायत द्वारा निर्मित यह सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग करीब एक दर्जन परिवारों के आने-जाने का मुख्य रास्ता है। समय के साथ खड़ंजा करीब दो फीट तक धंस गया है, जिससे हल्की बारिश में भी पूरा रास्ता पानी और कीचड़ से भर जाता है।
सड़क पर जलभराव इतना अधिक हो जाता है कि लोगों को घुटनों तक पानी में उतरकर आवागमन करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मार्ग की मरम्मत तथा जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। नतीजा यह है कि हर बारिश के बाद लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
बढ़ती उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर भरे पानी में उतर गए और विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। संबंधित कर्मचारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त खड़ंजा मार्ग की मरम्मत और जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में गोलू राय, सुनीता यादव, ओम प्रकाश यादव, विवेक यादव, पूनम यादव, कमलेश साहनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 19 July 2026, 5:39 AM IST
Topics : sahjanwa development sahjanwa nagar panchayat Villagers Protest waterlogged road Waterlogging Problem