अजब-गजब: यूपी की पुलिस चौकी पर वर्षों से दबंग का कब्जा

सहारनपुर के गंगोह अनाज मंडी स्थित पुलिस चौकी पर अवैध कब्जे के मामले में एसडीएम नकुड़ ने 24 घंटे में खाली करने का आदेश जारी किया है। निर्देश का पालन न होने पर चौकी को सील करने और व्यापारी का लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 31 May 2026, 4:11 PM IST

Saharanpur: सहारनपुर जिले के गंगोह अनाज मंडी परिसर में बनी पुलिस चौकी पर कथित अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वर्षों से एक दबंग व्यापारी द्वारा इस भवन (पुलिस चौकी) पर कई सालों से कब्जा किए जाने को लेकर स्थानीय व्यापारियों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ने 24 घंटे में चौकी खाली करने का सख्त निर्देश दिया है।

एसडीएम नकुड़ का सख्त आदेश

एसडीएम नकुड़ सुरेंद्र कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए मंडी प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 24 घंटे के भीतर पुलिस चौकी को पूरी तरह खाली कराया जाए। आदेश के अनुपालन में मंडी सचिव द्वारा संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

पहले भी हटाया गया था कब्जा

जानकारी के अनुसार, मंडी प्रशासन ने पहले भी इस भवन को कब्जा मुक्त कराकर वहां ताला लगाया था। भवन पर ‘पुलिस चौकी’ का बोर्ड भी लगाया गया था, लेकिन आरोप है कि बाद में फिर से कब्जा कर लिया गया और बोर्ड हटाकर व्यापारी की फर्म का साइन बोर्ड लगा दिया गया।

व्यापारियों के विरोध के बाद बढ़ी कार्रवाई

स्थानीय व्यापार मंडल ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया। व्यापारियों का कहना है कि सरकारी भवन पर इस तरह का कब्जा गलत है और इससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं तो होगी सीलिंग

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में पुलिस चौकी को खाली नहीं किया गया तो संबंधित व्यापारी का लाइसेंस रद्द किया जाएगा और भवन को सामान सहित सील कर दिया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से मंडी क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।

यूपी का कुख्यात बदमाश अहसान सहारनपुर में ढ़ेर, इंस्पेक्टर-सिपाही को भी लगीं गोलियां

अधिकारियों का बयान

एसडीएम नकुड़ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि आदेश जारी कर दिए गए हैं और समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, अन्यथा विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Location :  Saharanpur

Published :  31 May 2026, 4:10 PM IST