
शराब की दुकान पर महिलाओं का हल्लाबोल फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
प्रतापगढ़: कोहड़ौर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। सामाजिक ताने-बाने और सुरक्षा पर मंडराते खतरे से नाराज गांव की महिलाओं ने 'नारी संगठन' के नेतृत्व में ठेके के सामने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
असुरक्षित माहौल का सामना
महिलाओं का साफ तौर पर कहना है कि इस शराब ठेके के कारण गांव और आसपास का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। ठेके पर दिनभर जुटने वाली पियक्कड़ों की भीड़ के चलते वहां से गुजरने वाली महिलाओं, स्कूली छात्राओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी असुरक्षित माहौल का सामना करना पड़ता है।
शराबियों की अमर्यादित हरकतों और फब्तियों के कारण राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है, जिससे छात्राओं में स्कूल आते-जाते समय हमेशा भय का माहौल बना रहता है।
सामाजिक माहौल खराब
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इस समस्या के कारण न सिर्फ सामाजिक माहौल खराब हो रहा है, बल्कि घरेलू कलह और अपराधों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। महिलाओं ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले का संज्ञान लेते हुए जनहित में शराब के ठेके को तत्काल प्रभाव से बंद कराने या इसे आबादी से दूर स्थानांतरित करने की पुरजोर मांग की है।
प्रतापगढ़ में आराधना मिश्रा ‘मोना’ का भव्य स्वागत, बुलडोजर से हुई पुष्प वर्षा; 10 किमी लंबा रोड शो
गंभीर समस्या का स्थाई समाधान
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस गंभीर समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगी।
Location : प्रतापगढ़
Published : 24 October 2026, 7:12 PM IST
Topics : Liquor Shop Protest Rural Women Women protest