
शिक्षक को लहूलुहान कर भागा बंदर (Img: Dynamite News)
Rudrapur: कोतवाली क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर अचानक स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहुंच गया और कॉपियां जांच रहे शिक्षक पर हमला कर दिया। बंदर के हमले में शिक्षक के दाहिने हाथ में काटने से खून बहने लगा और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया और छात्र-छात्राएं सहम गए।
मामला रुद्रपुर के प्राइवेट स्कूल का बताया जा रहा है। ग्राम टेढ़ा निवासी शिक्षक नरेंद्र शनिवार को विद्यालय की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में बैठकर छात्रों की कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान एक बंदर छत के रास्ते विद्यालय की इमारत में घुस आया। छात्रों और शिक्षकों ने उसे भगाने का प्रयास किया तो वह दूसरी मंजिल की ओर भाग गया।
बताया जा रहा है कि बंदर खुले कमरे में पहुंच गया, जहां शिक्षक नरेंद्र कॉपियां जांच रहे थे। अचानक बंदर ने शिक्षक पर हमला कर दिया। उसने उनके दाहिने हाथ में काट लिया, जिससे खून बहने लगा। हमले में शिक्षक को शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। शिक्षक के चीखने पर विद्यालय के प्रबंधक और अन्य अध्यापक मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह बंदर को विद्यालय परिसर से बाहर भगाया।
ये भी पढ़ें - Rudrapur: आयकर विभाग ने सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में मारे छापे, जानिये कौन-कौन आए लपेटे में…
घायल शिक्षक को तत्काल रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्कूल में बंदर के हमले की घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। अभिभावकों का कहना है कि यदि बंदर बच्चों के बीच पहुंच जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्र में लगातार बंदरों के आतंक की शिकायतों के बीच स्कूल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें - Rudrapur News: मकान मालिक ने खटखटाया दरवाजा तो अंदर पेट के बल मृत पड़ा था किराएदार, घुटने पर चोट के निशान; उलझन में आई पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों का झुंड आए दिन घरों और सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई देता है। अब स्कूल परिसर में शिक्षक पर हमला होने के बाद लोगों में भय बढ़ गया है। अभिभावकों ने संबंधित विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। देवरिया से डाइनामाइट न्यूज की रिपोर्ट।
Location : Rudrapur
Published : 23 August 2026, 12:21 PM IST
Topics : Rudrapur News Up schools UP News