
आंशिक बारिश में कीचड़ बनी सड़कें
Gorakhpur News: गोरखपुर ( ख़जनी) बुधवार को हुई हल्की बारिश ने खजनी क्षेत्र के कटघर–सतुआभार मार्ग और सतुआभार–नैपुरा मार्ग की बदहाल सड़कों की पोल आए दिनों बिगड़े मौसम खोल रही है। बारिश के बाद सड़कों पर फैली मिट्टी की मोटी परत कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे फिसलन इतनी बढ़ गई कि दर्जनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों से रातों-रात भारी मात्रा में मिट्टी की ढुलाई की जाती है। “डीएस मार्का” और “साधु मार्का” नाम से चल रही मिट्टी की ढुलाई के कारण सड़कों पर मोटी परत जम जाती है, जो बारिश होते ही खतरनाक कीचड़ में बदल जाती है। यही कीचड़ अब हादसों का मुख्य कारण बन रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से ही सड़क पर फिसलकर गिरने वालों की संख्या बढ़ती गई। कई लोग अस्पताल पहुंचे, जबकि कुछ ने स्थानीय स्तर पर ही इलाज कराया। हादसों की वजह से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। खासकर शादी-ब्याह के इस सीजन में कई घरों की खुशियों पर भी असर पड़ा। बारात की तैयारियों में जुटे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे कई कार्यक्रमों की रौनक फीकी पड़ गई।
जनगणना प्रशिक्षण में लापरवाही भारी: 110 कर्मी गायब, डीएम के तेवर कड़े-नोटिस जारी, कार्रवाई तय
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भट्ठा संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और प्रशासन इस पूरे मामले में मौन साधे हुए है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो सड़कों की सफाई कराई जा रही है और न ही मिट्टी ढुलाई पर कोई नियंत्रण लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने तहसील प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़कों की सफाई, मिट्टी ढुलाई पर नियंत्रण और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 April 2026, 7:42 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News Weather News