
सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम
Maharajganj: जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने की।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स तथा उन पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विगत माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हुई मौतों के आंकड़ों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 40 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो प्रशासनिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। डीएम ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अत्यंत गंभीर विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें। साथ ही निर्देश दिया कि सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि समय रहते उनकी जान बचाई जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और कैट लाइट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे वाहन चालकों को तीव्र मोड़ों और खतरनाक स्थलों की जानकारी समय रहते मिल सके।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद में पहले 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित थे, जिनकी संख्या अब घटकर 6 रह गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए शेष स्थलों पर भी जल्द सुधार कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि तेज रफ्तार वाहनों और संपर्क मार्गों से आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा, सहायक परिवहन अधिकारी मनोज सिंह, डीआईओएस प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 30 May 2026, 12:36 AM IST