
घटनास्थल की फोटो ( Image: DN)
Maharajganj: महराजगंज जिले के सिंदुरिया-सिसवा मार्ग पर देर रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने कुछ देर के लिए पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सड़क पर खून से लथपथ तीन लोग तड़प रहे थे और आसपास खड़े लोग घबराए हुए थे। बताया जा रहा है कि चिउटहा के पास तेज रफ्तार बाइक की खीरा लदी गाड़ी से जोरदार टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, निचलौल क्षेत्र के सेमरहना गांव निवासी मूरत कुमार, अरुण और अंकित बाइक से सिसवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही खीरा लदी गाड़ी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद तीनों सड़क पर गिरकर दर्द से कराहते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मदद की कोशिश शुरू कर दी।
इसी दौरान इलाके में जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए जा रहे पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। सड़क पर भीड़ और घायल लोगों को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। हालात समझते ही वे खुद घायलों के पास पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर उनकी मदद में जुट गए।
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने पहले कोशिश की कि घायलों को अपनी गाड़ी से ही अस्पताल पहुंचा दिया जाए, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखकर उन्होंने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
Maharajganj News: कोल्हुई में दो पक्षों के बीच मारपीट से मची अफरा तफरी, जानें क्या है पूरा मामला
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तीनों घायलों का इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल तीनों की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। हादसे में एक सात वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है, जिसे डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि 'अगर समय रहते मदद नहीं मिलती तो हालात और भी गंभीर हो सकते थे'। लोगों ने पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की और कहा कि संकट की घड़ी में उनकी मदद ने घायलों को समय पर इलाज दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।
Location : Maharajganj
Published : 3 April 2026, 1:09 PM IST