देवरिया में सड़क हादसे ने बुझाए दो घरों के चिराग, हेलमेट नहीं पहनना बना जानलेवा

देवरिया के बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बैरिया तिवारी गांव के पास टाटा मैजिक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 August 2026, 1:25 AM IST

Deoria News: देवरिया के बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बैरिया तिवारी गांव के पास टाटा मैजिक की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के वक्त दोनों युवकों के हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है। टक्कर के बाद मैजिक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

टाटा मैजिक की टक्कर से सड़क पर गिरे दोनों युवक

बताया जा रहा है कि बरहज थाना क्षेत्र के परासिया तिवारी निवासी लक्ष्मण पासवान (29) पुत्र राम केवल और महुई कुंवर निवासी गंगेश पटेल (23) पुत्र राम आसरे किसी काम से करुअना की तरफ गए थे। बुधवार शाम दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बरहज-सोनूघाट मार्ग पर बैरिया तिवारी गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही टाटा मैजिक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एसडीएम ने रुकवाया काफिला, एंबुलेंस को किया फोन

हादसे के समय बरहज तहसील से काम निपटाकर लौट रहे एसडीएम बरहज शशिकांत मणि की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसडीएम ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया।

एंबुलेंस पहुंचने में कुछ समय लग रहा था, जिसके चलते घायल युवकों को ऑटो से अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम

मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने दोनों युवकों का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा मैजिक को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location :  Deoria News

Published :  20 August 2026, 1:25 AM IST