
लोडर-टेंपो की जोरदार टक्कर में युवा क्रिकेटर समेत 4 लोगों की मौत(AI Generated img)
Hathras: आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार लोडर ने सवारियों से भरे टेंपो को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में दिल्ली के दंपती और युवा क्रिकेटर समेत चार लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें मृतक दंपती के दो बच्चे भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- ‘दिसंबर में हसीना नहीं, सिर्फ ठंड आएगी’, रहमान के मंत्री के बयान से मची चर्चा; भारत के साथ जल संधि पर भी बोले
दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। परिवार भतीजे की शादी में शामिल होने हाथरस आ रहा था। पुलिस ने लोडर चालक को पकड़ लिया है। दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी 50 वर्षीय ओमकार गुरुवार की शाम पत्नी 35 वर्षीय विनीता, बेटी 18 वर्षीय प्रियंका और बेटे 11 वर्षीय लक्ष्य के साथ अलीगढ़ पहुंचे थे। अलीगढ़ से हाथरस आने के लिए टेंपो में सवार हो गया। रास्ते में अन्य सवारियां भी बैठती गईं। टेंपो में सात से अधिक लोग सवार थे। शाम करीब पांच बजे टेंपो आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गांव नगला भूरा के निकट राधिका ढाबे के पास पहुंचा ही था कि हाथरस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार लोडर ने सवारियों से भरे टेंपो को रौंद दिया(AI Generated img)
आसपास के लोगों ने टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ टेंपो में सवार 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया। अश्वनी क्रिकेटर था। 65 वर्षीय चंद्रपाल की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ओमकार की पत्नी विनीता ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि टेंपो चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
Location : hathras
Published : 27 November 2026, 9:03 AM IST