नदी के किनारे पहुंचते ही DM ने दिए सख्त आदेश, सीतापुर में मंडरा रहा बड़ा खतरा?

सीतापुर में शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने लहरपुर तहसील क्षेत्र के कटान प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया और बचाव कार्यों की समीक्षा की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 1:49 AM IST

Sitapur : शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान ने लहरपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। नदी किनारे बसे गांवों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार शाम जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. खुद कटान प्रभावित इलाकों में पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

कटान प्रभावित गांवों में पहुंचे जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने बसंतापुर, लखनीपुर और खाना मड़ोर गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शारदा नदी के किनारे चल रहे कटानरोधी कार्यों की प्रगति देखी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के जलस्तर और कटान में होने वाले किसी भी बदलाव को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।

ग्रामीणों से जाना बाढ़ का हाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और बाढ़ से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य सेवाओं, स्कूलों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में पूछा। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

अपस्ट्रीम कटान पर प्रशासन सख्त

खाना मड़ोर गांव में शारदा नदी के तट पर पहुंचकर डीएम ने अपस्ट्रीम क्षेत्र में हो रहे कटान का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग को तत्काल प्रभाव से कटानरोधी कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

सीतापुर के निजी अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही से मौत, 11 दिन तक चलता रहा इलाज, रेफर के बाद तोड़ा दम

संभावित खतरे को देखते हुए एसडीएम लहरपुर धामिनी दास को निर्देश दिया गया कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित ग्रामीणों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि राहत और बचाव कार्य बिना देरी के शुरू किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, लेखपाल समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि शारदा नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Location :  Sitapur

Published :  9 August 2026, 1:26 AM IST