
41 दुकानदारों को राहत
Farenda (Maharajganj): नगर पंचायत आनंदनगर स्थित गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन के 41 दुकानदारों को गुरुवार को बड़ी राहत मिली। पुननिर्माण,मरम्मत और किराया बकाया को लेकर जारी की गई करीब 24 लाख रुपये की आरसी को तहसील प्रशासन ने वापस ले लिया है। जिसके बाद चार दिनों से चल रहा दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया और व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोल दीं।
41 दुकानदारों को दुकानें आवंटित
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत आनंदनगर के मुख्य बाजार में वर्ष 1988 में गौतम बुद्ध व्यवसायिक भवन का निर्माण कराया गया था,जिसमें कुल 41 दुकानदारों को दुकानें आवंटित की गई थीं। हाल ही में नगर पंचायत की ओर से दुकानों के पुनर्निर्माण, मरम्मत और बकाया किराये के नाम पर लगभग 24 लाख रुपये की आरसी जारी कर दी गई थी।आरसी जारी होने से आक्रोशित दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर चार दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने जिलाधिकारी से आरसी वापस लेने को लेकर व्यापारियों के साथ मुलाकात की थी।
जारी आरसी को वापस लेने का निर्णय
विधायक के प्रयास और व्यापारियों के बढ़ते विरोध को देखते हुए गुरुवार को तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने तहसील सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में प्रशासन और व्यापारियों के बीच मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए फिलहाल जारी आरसी को वापस लेने का निर्णय लिया गया है।
कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत
व्यापारियों ने बताया कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएगा, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। इस दौरान पूर्व नगर अध्यक्ष जयप्रकाश लाल,विनोद गुप्ता,संदेश जायसवाल,राजेश मोदी,मधुरेश यादव,राकेश जायसवाल,अनूप जायसवाल,चुन्नू दुबे समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 12 March 2026, 5:55 PM IST