रामपुर के शाहाबाद क्षेत्र में रामगंगा नदी में नहाने गए 20 वर्षीय युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाए युवक का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस, प्रशासन और गोताखोर लगातार रेस्क्यू में जुटे हैं, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मोइस उर्फ मोनू की फाइल फोटो (IMG: Dynamite News)
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रामगंगा नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से एक युवक गहरे पानी में डूब गया। यह हादसा शाहाबाद क्षेत्र के ढकुरिया गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला खटपुर निवासी 20 वर्षीय मोइस उर्फ मोनू अपने चार दोस्तों के साथ सोमवार दोपहर नदी किनारे घूमने गया था।
बताया जा रहा है कि सभी दोस्त नदी में नहाने लगे, तभी अचानक मोइस गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, वहीं तहसीलदार अमित कुमार सिंह भी अपनी टीम के साथ पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। गोताखोरों ने कई घंटों तक गहरे पानी में खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। अब 24 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, फिर भी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस और प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
इस हादसे की खबर मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि युवक के कुछ दोस्त दिल्ली से एक शादी में शामिल होने आए थे और उसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद से दोस्तों में भी गहरा सदमा है।
गोरखपुर में दहेज हत्या केस में 3 दोषियों को 7-7 साल की सजा, कोर्ट का सख्त संदेश
फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं, ताकि जल्द से जल्द युवक का पता चल सके।