उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद की शाहाबाद तहसील में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन प्रेम शंकर तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने शस्त्र लाइसेंस पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर प्रार्थी से 15,000 रुपये की मांग की थी।

रामपुर में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद की शाहाबाद तहसील में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन प्रेम शंकर तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने शस्त्र लाइसेंस पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर प्रार्थी से 15,000 रुपये की मांग की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद तहसील में तैनात संग्रह अमीन प्रेम शंकर तिवारी ने एक प्रार्थी से शस्त्र लाइसेंस की रिपोर्ट आगे बढ़ाने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि बिना पैसे दिए उसकी फाइल पर सकारात्मक रिपोर्ट नहीं लगाई जा रही थी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, जब आरोपी संग्रह अमीन ने प्रार्थी से 15,000 रुपये लिए, तभी टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। यह पूरी कार्रवाई तहसील परिसर में की गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील में भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
एंटी करप्शन टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। मामले में पूछताछ और अन्य साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।