
रामपुर में 12 करोड़ की चोरी का खुलासा
Rampu: उत्तर प्रदेश के रामपुर में पुलिस ने एक ऐसे हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। नेपाल के रहने वाले पति-पत्नी और उनकी साली ने तेलंगाना के एक बड़े कारोबारी के घर में करीब एक महीने तक घरेलू नौकर बनकर काम किया, परिवार का भरोसा जीता और मौका मिलते ही करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए।
हालांकि उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। नेपाल भागने की तैयारी कर रहे तीनों आरोपियों को रामपुर पुलिस और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी कमल शाही, उसकी पत्नी विमला शाही और साली कल्पना शाही के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों तेलंगाना के साइबराबाद जिले के गाचीबौली क्षेत्र में एक बड़े व्यापारी के घर काम कर रहे थे।
7 जून की रात जब व्यापारी परिवार घर से बाहर गया, तब तीनों ने घर में रखे कीमती गहने, सोने-चांदी के सिक्के और बिस्कुट समेट लिए। चोरी के बाद वे ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और वहां से बस के जरिए उत्तराखंड होते हुए नेपाल जाने की योजना बना रहे थे।
रामपुर पुलिस ने उत्तराखंड सीमा की ओर जा रही एक बस से तीनों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 7 किलो सोना, 1 किलो चांदी, सोने-चांदी के सिक्के और बिस्कुट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने गहनों और कीमती सामान की सुरक्षा के लिए विशेष गारद भी तैनात कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद करना भूल गए। यही उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। तेलंगाना पुलिस लगातार मोबाइल लोकेशन ट्रैक करती रही और आरोपियों के उत्तर भारत पहुंचने की जानकारी मिली। इसी सूचना के आधार पर रामपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार होने के बाद मुख्य आरोपी कमल शाही ने स्वीकार किया कि चोरी उन्होंने ही नहीं की। उसके मुताबिक, नेपाल निवासी सुरेश नामक व्यक्ति ने उन्हें व्यापारी के यहां नौकरी दिलवाई थी और वही चोरी के बाद बैग देकर नेपाल पहुंचाने को कह गया था। कमल का कहना है कि उन्हें बैग में रखे करोड़ों के गहनों की जानकारी नहीं थी। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और फरार सुरेश की तलाश में भी जुटी हुई है।
रामपुर पुलिस की निगरानी में रखे गए तीनों आरोपियों को अब तेलंगाना पुलिस अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर अपने साथ ले जाएगी। मामले की आगे की जांच तेलंगाना में की जाएगी, जहां इस सनसनीखेज चोरी की साजिश रची गई थी।
Location : Rampur
Published : 10 June 2026, 6:28 PM IST