राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर सबकी नजर, युवाओं के मुद्दों से करेंगे यूपी चुनाव का आगाज?

राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। केपी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले कार्यक्रम में नीट, पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के जरिए पूर्वांचल के युवाओं को साधने की रणनीति बनाई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 6:48 AM IST

Prayagraj : उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस एक बड़ा दांव चलने की तैयारी में है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचकर पूर्वांचल के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। संगम नगरी से राहुल गांधी यूपी की चुनावी तैयारियों का भी आगाज करेंगे। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के लिए प्रयागराज को चुना है। जहां लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

केपी इंटर कॉलेज मैदान में होगा छात्र संवाद

राहुल गांधी शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी इंटर कॉलेज मैदान में छात्रों से बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम का नाम ‘छात्रों की गूंज’ रखा गया है।

कार्यक्रम में राहुल गांधी नीट परीक्षा, आरओ-आरआरओ समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा में देरी, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर छात्रों की बात सुनेंगे। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

देश के 45 शहरों में दो लाख करोड़ रुपये से बनेंगे रिंग रोड, वाराणसी-प्रयागराज और अलीगढ़ को मिलेगी जाम से मुक्ति

प्रयागराज को ही क्यों चुना गया?

कांग्रेस ने राहुल गांधी के छात्र संवाद के लिए प्रयागराज को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना है। प्रयागराज लंबे समय से प्रतियोगी छात्रों का सबसे बड़ा केंद्र रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में हजारों छात्र रहकर यूपीएससी, पीसीएस, एसएससी, बैंकिंग और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इनमें बड़ी संख्या पूर्वांचल के युवाओं की है।

इसके अलावा इलाहाबाद विश्वविद्यालय की राजनीतिक विरासत भी प्रयागराज को खास बनाती है। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे संस्थानों में देशभर से छात्र पढ़ने आते हैं।

स्वराज भवन में नेताओं के साथ करेंगे बैठक

छात्र संवाद से पहले राहुल गांधी अपने पैतृक आवास स्वराज भवन जाएंगे। यहां वह करीब ढाई घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेताओं के साथ यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है।

कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। प्रदेश के छह कांग्रेस सांसदों के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रयागराज पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही यूपी के करीब 25 जिलों के शहर और जिला अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Location :  Prayagraj

Published :  8 August 2026, 6:48 AM IST