एक ही दिन में बरपा तीन कहर: पेड़, खंभा और सड़क हादसे ने छीनी जिंदगियां; रायबरेली में मातम का मंजर

रायबरेली में तेज आंधी और बारिश के बीच एक ही दिन में तीन दर्दनाक हादसे सामने आए हैं, जिन्होंने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कहीं पेड़ गिरा, कहीं बिजली का खंभा बना मौत का कारण, तो कहीं सड़क हादसे ने जिंदगी संकट में डाल दी। इन घटनाओं के पीछे क्या है असली वजह?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 April 2026, 4:04 PM IST

Raebareli: रायबरेली जिले में रविवार और शनिवार के बीच आई तेज आंधी और बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि तीन अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इन हादसों ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना दिया है।

नीम का पेड़ बना मौत का कारण

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, हरचंदपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर मजरे जोहवा शर्की गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नेपाल कुशवाहा (50) अपने घर के पास पशुओं को खोल रहे थे, तभी अचानक एक विशाल नीम का पेड़ उनके मकान पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में मातम पसर गया।

जर्जर बिजली खंभा बना जानलेवा

दूसरी घटना गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के पुरई गांव में हुई, जहां 60 वर्षीय बद्दल अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान एक जर्जर बिजली का खंभा गिरकर उनके सिर पर आ गिरा। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय रहते खंभों की मरम्मत की गई होती, तो यह हादसा टल सकता था।

फोन की घंटी बनी खौफ की वजह, अनजान कॉलर ने बुजुर्ग को बनाया निशाना; पढ़ें पूरी खबर

सड़क हादसे में युवक घायल

तीसरी घटना ऊंचाहार क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर हुई। तेज आंधी के दौरान सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस कार्रवाई जारी

तीनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फांसी या साजिश? मैनपुरी में विवाहिता की मौत पर मायके और ससुराल वालों के बीच टकराव, क्या पुलिस दे पाएगी प्रीति को न्याय?

गांव में पसरा सन्नाटा

इन हादसों के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दो परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खो दिया।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 5 April 2026, 4:04 PM IST