रायबरेली: शिवम शुक्ला बिखेरेंगे कथक की चमक, Republic Day में देंगे प्रस्तुति

रायबरेली के शिवम शुक्ला का चयन गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर नृत्य प्रस्तुति के लिए हुआ है। संगीत नाटक अकादमी द्वारा चयनित शिवम की उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 January 2026, 4:51 AM IST

Raebareli: रायबरेली की माटी ने एक बार फिर देश को गर्व करने का मौका दिया है। सताव ब्लॉक के पुरे दुबे गांव के रहने वाले शिवम शुक्ला ने अपनी मेहनत, साधना और कला के बल पर जिले का नाम राष्ट्रीय फलक पर रोशन कर दिया है। शिवम शुक्ला का चयन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन संगीत नाटक अकादमी द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर नृत्य प्रस्तुति के लिए किया गया है। देश के सबसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति देने का यह अवसर मिलना किसी भी कलाकार के लिए सपने के सच होने जैसा है।

खुशी की लहर

जिले के सताव ब्लॉक स्थित पुरे दुबे गांव के बेटे शिवम शुक्ला की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। शिवम शुक्ला मशहूर कवि पंकज प्रसून के छोटे भाई हैं और वर्तमान समय में बिहार लोक सेवा आयोग से चयनित होकर पटना के एक राजकीय कॉलेज में नृत्य शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Raebareli News: अहिल्या बाई होल्कर प्रतिमा तोड़े जाने पर रायबरेली में प्रदर्शन, जानें पूरी खबर

कला का प्रदर्शन

शिवम शुक्ला ने बताया कि वह दूरदर्शन से ग्रेड प्राप्त कलाकार रह चुके हैं और भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। इसके अलावा उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से कथक नृत्य पर शोध कार्य किया है। शिवम ने देश के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है। उनकी निरंतर साधना और वर्षों की मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें अब देश के सबसे बड़े राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिला है।

गर्व का विषय

शिवम शुक्ला ने बताया कि फिलहाल दिल्ली में इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उनका पूर्वाभ्यास लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह मंच सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनके गांव, जिले और प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है।

प्रयास की सराहना

पिछले दो वर्षों से शिवम बिहार में शिक्षा और कला को एक साथ जोड़ते हुए छात्रों के जीवन में नृत्य के माध्यम से अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का विकास कर रहे हैं। उनके इस प्रयास की सराहना शिक्षा और कला जगत में भी की जा रही है।

रायबरेली में आशा बहुओं का प्रदर्शन: सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, सौंपा ज्ञापन

कथक नृत्य में मास्टर डिग्री हासिल

शिवम शुक्ला के पिता दिनेश शुक्ला गोंडा जिले के एक विद्यालय में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता शिव दुलारी लोहड़ा गांव में रहती हैं। शिवम की शैक्षिक यात्रा भी उतनी ही प्रेरणादायक है। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद कथक नृत्य में मास्टर डिग्री हासिल की और यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 22 January 2026, 4:51 AM IST