Raebareli News: महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जाना हाल, बाल गृह और वृद्धा आश्रम में बिताया समय

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने आज रायबरेली में बाल गृह व वृद्ध आश्रम का दौरा किया।। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 June 2025, 8:55 PM IST

रायबरेली: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने आज जनपद भ्रमण के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उपाध्यक्ष ने निरीक्षण के समय अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। अस्पताल में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। मरीजों को समय पर दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जाए, किसी भी मरीज को अनावश्यक रिफर न किया जाए। अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति समय से सुनिश्चित कराई जाए। मरीजों के परिजनों के लिए बैठने और अन्य सुविधाओं का बेहतर प्रबंध किया जाए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए दवा, जांच व उपचार निःशुल्क है, इसलिए यह सुनिश्चित कराया जाए कि किसी भी मरीज को बाहर की दवा, जांच न लिखी जाए। मरीजों व तीमारदारों से चिकित्सकों व स्टाफ द्वारा अच्छा मधुर व्यावहार किया जाए, इसके लिए कार्यशाला कर स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित करते हुवे कहा कि आज के निरीक्षण में जो भी कमियां मिली है, उन्हें शीघ्र ही दुरुस्त कराया जाए, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को सरकार की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके।

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने वृद्धा आश्रम का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने आईटीआई स्थित वृद्धा आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बाल गृह (बालिका) चक धरौरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों की सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान 54 बालिकाएं आवासित पाई गई। उपाध्यक्ष ने बाल गृह में रह रहे बच्चों से बातचीत की और उनसे बाल ग्रह में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने बाल गृह के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं और शिक्षा प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बच्चों को समय पर भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनकी सुरक्षा और कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। बच्चों के मनोरंजन और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक गतिविधियों का आयोजन किया जाए।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 12 June 2025, 8:55 PM IST