कुछ सेकंड की चूक और हो सकता था बड़ा हादसा, लेकिन बच गईं दर्जनों जानें

गुरुवार दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही रोडवेज की जनरथ बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस जर्जर बिजली के तारों में फंस गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 July 2026, 11:38 PM IST

Raebareli: शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आज लाल ऋषि इंटर कॉलेज के समीप जोशीयाना पुल के पास तेज रफ्तार से गुजर रही एक रोडवेज की जनरथ बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। टक्कर के बाद बस आगे बढ़ते हुए जर्जर बिजली के तारों में जाकर फंस गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और देखते ही देखते बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को बस से सुरक्षित बाहर निकलवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बस बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट जाती या तारों में करंट प्रवाहित होता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।

काले बादलों के पीछे छिपी थी ऐसी आफत… रायबरेली के एक हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित

हादसे में बिजली विभाग को भारी नुकसान पहुंचा है। खंभा टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने क्षतिग्रस्त लाइन को बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कराया।

रायबरेली में धूमधाम से मना अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, सपा कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बस को सुरक्षित हटाने और यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Raebareli

Published :  2 July 2026, 11:35 PM IST