रायबरेली की सड़कों पर दौड़ा साक्षात यमराज! क्रेटा बनी लोहे की कब्र, 3 लाशें देख कांपा लोगों का कलेजा

रायबरेली के बछरावां में प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में न्यायालय सुरक्षा के जवान समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर हैं। जानिए क्या रही दुर्घटना की वजह।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 15 July 2026, 12:17 PM IST

Raebareli: आधुनिक चौड़ी सड़कें और तेज रफ्तार गाड़ियां जितनी सहूलियत देती हैं, जरा सी लापरवाही में उतनी ही बेरहमी से जिंदगी भी छीन लेती हैं। रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरानी चौराहे के पास प्रयागराज नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात ऐसा ही एक खौफनाक मंजर देखने को मिला।

लखनऊ से रायबरेली की तरफ आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे बनी एक पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

मौके पर चीख-पुकार, तीन लोगों ने गंवाई जान

हादसे के वक्त कार की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिया से टकराते ही कार के भीतर बैठे दो लोगों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। जोरदार आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों की सूचना पर बछरावां पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

ये भी पढ़ें: रायबरेली में कार्ड बदलो, पिन जानो और खाते साफ… शातिर गिरोह का चौंकाने वाला तरीका आया सामने

पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार में फंसे तीन अन्य घायलों को बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद एक और घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई है।

न्यायालय सुरक्षा के जवान समेत दो गंभीर

सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस वीभत्स हादसे में कुल पांच लोग शिकार हुए हैं। मृतकों में से एक व्यक्ति रायबरेली में न्यायालय सुरक्षा (कोर्ट सिक्योरिटी) में तैनात थे, जबकि एक अन्य बछरावां के रहने वाले थे।

बाकी तीन लोग लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं। दो घायलों की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के पीजीआई (PGI) अस्पताल रेफर किया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।

ये भी पढ़ें: रायबरेली में मोबाइल लूट गैंग का खुलासा, पुलिस ने ऐसे फंसाया जाल में

जांच के घेरे में ब्लैक स्पॉट और ओवरस्पीडिंग

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण गाड़ी की अत्यधिक रफ्तार और अचानक संतुलन खोना माना जा रहा है।

पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या खैरानी चौराहे के पास हाईवे के डिजाइन में कोई खामी है जो रात के अंधेरे में चालकों के लिए भ्रम पैदा करती है। इस हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है।

Location :  Raebareli

Published :  15 July 2026, 12:17 PM IST