
यूपी का पहला उद्यान महाविद्यालय (Img: Dynamite News)
Raebareli: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के पहले स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह महाविद्यालय रायबरेली जिले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित पड़ेरा कृषि फार्म में स्थापित किया जाएगा। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए इसे प्रदेश के कृषि और उद्यान क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
राज्यमंत्री ने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश में पांच कृषि विश्वविद्यालय संचालित हैं, लेकिन कोई भी स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय नहीं था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर 22 हेक्टेयर भूमि में इस संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
महाविद्यालय के निर्माण के पहले चरण में करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और उद्यान विकसित किए जाएंगे। पूरे संस्थान के विकास पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
महाविद्यालय की स्थापना के बाद रायबरेली समेत आसपास के कई जिलों के छात्र-छात्राओं को उद्यान विषय में स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे उद्यानिकी क्षेत्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार होंगे, जो आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रहवां गांव के पास इतने बड़े शैक्षणिक संस्थान की स्थापना से क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और रहवां चौराहा भविष्य में एक बड़े शैक्षणिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।
Location : Raebareli
Published : 7 July 2026, 9:17 PM IST