रायबरेली में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। दोनों मामले जानने के लिए पढ़ें ये खबर

प्रतिकात्मक फोटो
Raebareli: यूपी के रायबरेली जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहली घटना गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के कोरिहर गांव की है, जहां एक अधेड़ का गला कटा शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय राम बहादुर उर्फ रिंकू के रूप में हुई है, जो गांव के पूरे दुनियापति मजरे का रहने वाला था। स्थानीय लोगों के अनुसार राम बहादुर नशे का आदी था और इसी वजह से उसकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके में रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेला था।
गांव के लोगों के मुताबिक सोमवार सुबह जब घर के अंदर देखा गया तो राम बहादुर का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला और उसकी गर्दन धारदार हथियार से कटी हुई थी। यह दृश्य देखकर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
रायबरेली में कोचिंग से लौट रहे थे तीन दोस्त… रास्ते में मिला मौत का ट्रक, दो की मौत
सूचना मिलते ही गुरुबक्शगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल की तस्वीर
इसी जिले में एक और घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के पाली गांव में सामने आई, जहां एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली थी और पाली गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करती थी। सोमवार को उसने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रायबरेली में गैस सिलेंडर को लेकर क्यों गरमाई सियासत? सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
घटना की सूचना मिलने पर महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।