घर के अंदर दफन था प्रेमी का राज! पत्नी ने पति संग मिलकर किया ऐसा खेल, बदबू ने खोल दिया हत्या का राज

रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर शव घर में दफना दिया। कई दिन बाद बदबू से ग्रामीणों को शक हुआ और पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया।

Raebareli: रायबरेली के डलमऊ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां प्रेम संबंधों के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। कई दिन बाद शव से उठने वाली बदबू ने पूरे मामले का राज खोल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घर में खुदाई कर शव बरामद किया।

लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी महिला

सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी के मुताबिक, मामला पूरे रजऊ मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी गांव का है। रीता पुत्री स्व. बृज लाल पासवान अपने मायके में अमित रैदास पुत्र छोटेलाल निवासी पूरे बाबा मजरे कटघर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। दोनों की एक बेटी भी थी।

बताया गया कि रीता अपने पति राम प्रकाश पासवान से अलग रह रही थी। हालांकि, कुछ समय से रीता और अमित के बीच भी अलगाव की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान उसका पति राम प्रकाश उसके पास आने-जाने लगा।

पति और प्रेमी के बीच हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अमित और राम प्रकाश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद रीता ने अपने पति के साथ मिलकर अमित की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

कई दिन बाद शव से बदबू आने लगी। इससे ग्रामीणों को घर के अंदर कुछ अनहोनी होने का शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

घर में खुदाई कर निकाला गया शव

सूचना मिलते ही डलमऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर खुदाई कराई, जहां से अमित का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में रीता को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसका पति राम प्रकाश फरार बताया जा रहा है।

प्रधान ने पुलिस को दी सूचना

ग्राम प्रधान अखिलेश यादव के मुताबिक, रीता करीब चार साल से गांव में रह रही थी। उसके साथ पति राम प्रकाश और प्रेमी अमित भी आते-जाते थे। प्रधान के अनुसार, 29 जुलाई की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान राम प्रकाश ने अमित की हत्या कर दी और शव को घर में दफना दिया।

प्रधान ने बताया कि शव से बदबू आने के बाद रीता ने उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में महिला की भूमिका कितनी थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस फरार पति की तलाश भी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Raebareli

Published :  1 August 2026, 12:23 PM IST

Advertisement