
पुलिस ने देवदूत बनकर बचाई जान (Img- Pinterest)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। यहां बछरावां थाना इलाके में एक तेज रफ्तार कार के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरे पानी से लबालब नहर में जा पलटी।
कार में लालगंज कस्बा निवासी प्रदीप सिंह अपनी बेटी निहारिका को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) दिलाने के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। गनीमत यह रही कि नहर में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद स्थानीय लोगों की तत्परता और सजगता के कारण पिता-पुत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
यह पूरी घटना बछरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुरूवा पश्चिम गांव बाईपास मार्ग पर राजामऊ के निकट रामपुर गांव की है। प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने बताया कि प्रदीप सिंह अपनी कार से बेटी निहारिका के साथ लखनऊ के आलमबाग स्थित परीक्षा केंद्र पर जा रहे थे।
जैसे ही उनकी कार बाईपास मार्ग पर रामपुर गांव के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क के बीचों-बीच एक कुत्ता आ गया। कार चला रहे प्रदीप सिंह ने कुत्ते को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में स्टेयरिंग से उनका नियंत्रण खो गया। गाड़ी तेजी से उछलते हुए सीधे पास की नहर में जा गिरी।
खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर झूम उठे लोग, रायबरेली SOG और सर्विलांस टीम ने कर दिखाया कमाल
नहर में गिरने के बाद कार पानी के तेज बहाव में बहने लगी थी और उसमें सवार पिता-पुत्री की जान आफत में थी। हादसे को देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। बिना वक्त गंवाए लोगों ने साहस का परिचय दिया और कार का दरवाजा खोलकर प्रदीप सिंह और उनकी बेटी निहारिका को सुरक्षित पानी से बाहर खींच निकाला। लोगों की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बछरावां थाना प्रभारी (SO) श्याम कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बेटी निहारिका की टीईटी (TET) परीक्षा न छूटे, इसके लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहनों को तुरंत रुकवाया और एक कार के जरिए दोनों पिता-पुत्री को उनके परीक्षा केंद्र लखनऊ के लिए रवाना किया। पुलिस की इस मानवीय पहल की हर कोई सराहना कर रहा है।
काले बादलों के पीछे छिपी थी ऐसी आफत… रायबरेली के एक हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पिता-पुत्री को रवाना करने के बाद पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलाया और कड़ी मशक्कत के बाद नहर में डूबी कार को बाहर निकलवाया। इस बीच हादसे की खबर सुनकर प्रदीप सिंह के भाई अनिल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी निहारिका का परीक्षा केंद्र लखनऊ के आलमबाग में था और भाई उसे समय पर पहुंचाने के लिए ही सुबह निकले थे। उन्होंने सुरक्षित रेस्क्यू के लिए ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
Location : Raebareli
Published : 4 July 2026, 4:06 PM IST