
बारिश में भी नहीं टूटी कतारें
Gorakhpur: गोरखपुर में गैस सिलेंडर को लेकर आज ऐसा हंगामा देखने को मिला जिसने पूरी आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सुबह-सुबह ही लोग सिलेंडर पाने की उम्मीद में लाइन में लग गए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जब सिलेंडर नहीं मिला तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रुस्तमपुर इलाके में स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास बनी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने लापरवाही और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए। बारिश के बीच भी लोग कतार में खड़े रहे, लेकिन खाली हाथ लौटना उनकी मजबूरी बन गई।
29 मई की सुबह गोरखपुर के रुस्तमपुर क्षेत्र में हालात कुछ ऐसे बने कि लोग तड़के 5 बजे से ही गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लग गए। दुर्गा माता मंदिर के पास स्थित गंगा गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष सभी सिलेंडर मिलने की उम्मीद में घंटों खड़े रहे।
नेपाल बॉर्डर से यूपी तक फैला था चरस तस्करी का नेटवर्क, STF ने गोरखपुर में दबोचा गिरोह का सदस्य
स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस एजेंसी की ओर से पहले सुबह 7 बजे सिलेंडर आने की बात कही गई थी। जब लोग 7 बजे तक इंतजार करते रहे तो समय बढ़ाकर 9 बजे कर दिया गया। इसके बाद फिर से 10 बजे तक का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद भी सिलेंडर की कोई आपूर्ति नहीं हुई।
गंगा गैस एजेंसी पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि सिलेंडर वितरण में पूरी तरह मनमानी की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि “जब मन करता है तब सिलेंडर दिया जाता है, और जब चाहा टाल दिया जाता है।” लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी की ओर से फोन पर अलग-अलग समय बताए जाते हैं, लेकिन तय समय पर कभी भी गैस उपलब्ध नहीं कराई जाती। इससे आम उपभोक्ता लगातार परेशान हो रहे हैं।
गोरखपुर में साइबर ठगी का खुलासा: पति-पत्नी गिरफ्तार, खातों से ऐसे उड़ा दिए लाखों
रुस्तमपुर इलाके में हल्की बारिश के बावजूद लोग छाता लेकर घंटों लाइन में खड़े रहे। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग सुबह से शाम तक इंतजार करते रहे, लेकिन अंत में उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
लगातार हो रही देरी और अव्यवस्था के चलते उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए ताकि उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके।
Location : Gorakhpur
Published : 29 May 2026, 12:53 PM IST