गोरखपुर में स्कूली वाहनों की फिटनेस पर सवाल! 304 फेल में से 108 को फिर मिला प्रमाणपत्र

मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूली वाहनों की फिटनेस का मामला प्रमुखता से उठा। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े किए।

Updated : 22 October 2026, 5:46 PM IST

Gorakhpur : मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूली वाहनों की फिटनेस का मामला प्रमुखता से उठा। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े किए। बैठक में सामने आया कि फिटनेस जांच में फेल हुए 304 स्कूली वाहनों में से 108 को दोबारा फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया, जबकि 196 वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया गया।

मंडलायुक्त ने सवाल किया कि यांत्रिक खामियों के कारण फिटनेस जांच में फेल वाहनों से सड़क पर दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी? ऐसे वाहनों को सड़क पर चलने से रोकने और सीज करने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मंडल के अन्य जनपदों में भी स्कूली वाहनों की स्थिति की समीक्षा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं के तुलनात्मक आंकड़ों और गंभीर हादसों की जांच पर चर्चा हुई। तीन या उससे अधिक लोगों की मृत्यु वाली दुर्घटनाओं की संयुक्त जांच कर कारणों की पहचान करने तथा संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने पर भी ध्यान दिया गया।

सिद्धार्थनगर में DJ की तेज आवाज के बीच हुई थी नवजात की मौत, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उठा सच्चाई से पर्दा

यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन, तेज रफ्तार, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों का पालन तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण की समीक्षा की गई। आईटीएमएस, एक्सप्रेस-वे और अन्य मार्गों पर लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

शिक्षक MLC चुनाव कल: 17 जिलों के 54,303 मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधि, गोरखपुर से 18 पोलिंग पार्टियां रवाना

बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता, दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवाओं के समन्वय और जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम के तहत सड़क हादसों में मौतें रोकने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  गोरखपुर

Published :  22 October 2026, 5:46 PM IST