हिंदी
कड़ी सुरक्षा में रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
कासगंज : आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी निर्वाचन-2026 के लिए जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओम प्रकाश सिंह की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिले में कुल 20 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले को 5 जोन और 12 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
शिक्षक निर्वाचन में जिले के 1,291 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1,008 पुरुष और 283 महिला मतदाता हैं। वहीं, स्नातक निर्वाचन में 9,925 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,888 पुरुष और 3,037 महिलाएं शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले में कुल 11,216 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिले में शिक्षक निर्वाचन के लिए 8 और स्नातक निर्वाचन के लिए 12 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर चार मतदान कार्मिकों के साथ छह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर नजर रखने और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
डीएम प्रणय सिंह ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान कराने के निर्देश दिए। एसपी ओम प्रकाश सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और मतदान में बाधा डालने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम आलोक कुमार गुप्ता, एएसपी आलोक कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : कासगंज
Published : 22 October 2026, 6:16 PM IST
Topics : Latest News MLC Election UP News